0 1 min 3 weeks

कोरबा जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पताढी में सतनामी समाज के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल के तहत सतनाम सामुदायिक भवन निर्माण का भूमि पूजन विधिवत संपन्न हुआ। गुरु गद्दी एवं 100 गवां सतनाम विकास समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम ने पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल बना दिया और सामाजिक एकता की मिसाल पेश की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सामुदायिक भवन की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सामुदायिक भवन ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। यह भवन न केवल सामाजिक कार्यक्रमों और बैठकों के लिए उपयोगी होगा, बल्कि शिक्षा और सामुदायिक गतिविधियों के लिए भी एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। विधायक फूलसिंह राठिया ने समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आत्माराम पन्ना ने की, जबकि गुरु गद्दीधाम के संरक्षक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में प्रधान सिंह तंवर (सरपंच, ग्राम पंचायत पताढी), प्रवीण ओगरे (अध्यक्ष, भूस्थापित मजदूर संघ एवं विधायक प्रतिनिधि), लखन लाल लहरें (अध्यक्ष, गुरुगद्दी पताढी), रामायण रात्रे, गणेश राम बघेल, जवाहर डहरिया, अमर खांडे, रोशन खांडे, मोहन, गजानंद बंजारे, दिनेश कुर्रे, प्रकाश महंत (सांसद प्रतिनिधि), अखिलेश कुर्रे, धनाराम खांडे, शशि भारद्वाज, संतोष दास महंत, बिसाहू पटेल, आत्माराम मन्नेवार, अनिल खुंटे (जनपद पंचायत सदस्य), गेसराम मिरी (सचिव) तथा कमलेश अनंत (कोषाध्यक्ष) सहित कई गणमान्य नागरिक शामिल रहे।

सभी अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए समिति के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की और सामुदायिक भवन के निर्माण को क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहलें समाज में एकजुटता को बढ़ावा देती हैं और विकास के नए रास्ते खोलती हैं।

समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि निर्माणाधीन यह सामुदायिक भवन भविष्य में सामाजिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों, बैठकों तथा शैक्षणिक गतिविधियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। इससे न केवल सतनामी समाज बल्कि पूरे क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता निभाई। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह आयोजन सामाजिक समरसता, सहयोग और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *