कोरबा जिले के करतला वनमंडल अंतर्गत ग्राम पीडिया में यह घटना घटित हुआ है जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गए दो ग्रामीणों पर दो भालुओं ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में कन्हैयालाल राठिया उम्र 45 वर्ष और 15 वर्षीय किशोरी किरण गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि दोपहर के समय दोनों जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ रहे थे, तभी अचानक दो बड़े भालू वहां पहुंच गए और हमला कर दिया।
घायल कन्हैयालाल के मुताबिक उनके चिल्लाने पर एक भालू भाग गया, लेकिन दूसरा भालू पास में तेंदूपत्ता तोड़ रही किरण पर टूट पड़ा।
चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर भालू को जंगल की ओर खदेड़ा। इसके बाद दोनों घायलों को पहले निजी वाहन से बाहर लाया गया, फिर शासकीय एंबुलेंस की मदद से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल आर्थिक सहायता राशि प्रदान की।
तेंदूपत्ता सीजन के दूसरे ही दिन हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
