कोरबा। दिनांक 11 अप्रैल 2026, शुक्रवार को मडवारानी स्थित यादव भवन में झेरिया यादव समाज की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में समाज के विकास, संगठन की मजबूती और विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक के दौरान समाज को आगे बढ़ाने, शिक्षित युवाओं को प्रोत्साहित करने तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही अंतर्जातीय विवाह पर रोक लगाने और समाज के हित में आवश्यक कदम उठाने पर भी चर्चा हुई।
भवन निर्माण को लेकर भी समाज के सदस्यों ने अपनी राय रखी।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों का आशीर्वाद प्राप्त हुआ, जिससे आयोजन का महत्व और बढ़ गया। इस दौरान यह भी बताया गया कि जल्द ही प्रदेश स्तर पर संगठन का निर्वाचन होने वाला है, जिस पर भी चर्चा की गई।
बैठक के पश्चात समाज की एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। ग्राम जमनीपाली, पोस्ट सोहागपुर, जिला कोरबा निवासी हीरा बाई यादव के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके दो बच्चों के विवाह हेतु सहायता की आवश्यकता थी। इस पर समाज के सभी स्वजातीय भाई-बहनों ने आगे आकर सहयोग किया।
झेरिया यादव समाज ब्लॉक केन्द्र सोहागपुर की ओर से ₹10,000 की नगद सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा समाज के सदस्यों ने नगद राशि के साथ-साथ दाल, चावल, तेल, हल्दी-मिर्च आदि सामग्री भी सहयोग स्वरूप दी।समाज के केन्द्रीय अध्यक्ष अंतराम यादव ने सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और समाज में एकता एवं सहयोग की भावना को बनाए रखने की अपील की।
यह बैठक समाज में एकता, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण बनी, जहां जरूरतमंद परिवार की मदद के लिए सभी ने एकजुट होकर मानवता का परिचय दिया।
