0 1 min 2 weeks

कोरबा/जांजगीर-चाम्पा। उरगा थाना क्षेत्र में युवक द्वारा वीडियो बनाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस जांच के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो के बाद जहां पंतोरा चौकी पुलिस पर प्रताड़ना के आरोप लगाए जा रहे थे, वहीं जांच में मामला बिल्कुल उलट निकला।

जांजगीर-चाम्पा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए, जिसके बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक सनत कुमार कश्यप (25 वर्ष) पिता धनीराम कश्यप निवासी चोरभट्टी थाना मुलमला जिला जांजगीर-चाम्पा, हाल मुकाम अशोक लीलैंड वर्कशॉप ग्राम पताढ़ी थाना उरगा ने 13 मार्च 2026 को वीडियो बनाकर आत्महत्या कर ली थी।

वीडियो में मृतक ने पंतोरा चौकी पुलिस पर फोन कर गाली-गलौच और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था, जिससे मामला काफी सनसनीखेज बन गया था।मामले की जांच में सामने आया कि कोरबा जिले के गेवरा बस्ती निवासी सचिन खरे (30 वर्ष) की बहन स्नेहा खरे (21 वर्ष) 12 मार्च को कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी और देर रात तक वापस नहीं लौटी।

परिजनों द्वारा तलाश करने पर पता चला कि वह धीरेन्द्र पाटले के साथ चली गई है।

इसके बाद सचिन खरे ने धीरेन्द्र पाटले के बड़े भाई के मोबाइल से मृतक सनत कश्यप को फोन कर खुद को पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बताते हुए गाली-गलौच की और थाना आने की धमकी दी।

इस धमकी और तनाव के कारण सनत कश्यप घबरा गया और वीडियो बनाकर आत्महत्या कर ली।

जांजगीर-चाम्पा पुलिस ने आरोपी सचिन खरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद थाना बलौदा में आरोपी के खिलाफ धारा 204 बीएनएस (क्षद्म प्रतिरूपण) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

वहीं आरोपी की बहन स्नेहा खरे की गुमशुदगी की रिपोर्ट कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना में दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की आगे की विवेचना में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *