0 1 min 2 weeks

कोरबा, ऊर्जाधानी कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत इतवारी बाजार में देर रात जमकर हंगामा देखने को मिला।

आरोप है कि पूर्व गृहमंत्री के बेटे संदीप कंवर ने नशे की हालत में कार चलाते हुए एक दुकान को टक्कर मार दी।

इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने दुकानदार के साथ गाली-गलौज और मारपीट तक कर दी।दुकान में घुसाई गाड़ी,

विरोध करने पर मारपीट

मिली जानकारी के अनुसार संदीप कंवर अपनी कार चला रहा था, जिस पर “पूर्व विधायक रामपुर” लिखा हुआ था।

इतवारी बाजार के पास कार अनियंत्रित होकर एक दुकान से जा टकराई। हादसे के बाद जब दुकानदार और आसपास के लोगों ने विरोध किया, तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गया।

बताया जा रहा है कि पीड़ित की बेटी पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर पदस्थ है।

थाने में भी दिखी रसूख की धौंसघटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस आरोपी को कोतवाली थाना लेकर पहुंची। लेकिन थाने में भी आरोपी का हंगामा जारी रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसने अपने पिता के रसूख का हवाला देते हुए पुलिस के सामने ही कहा – “जो करना है कर लो, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा।”

पुलिस के सामने ही फरार

हैरानी की बात यह रही कि थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों के सामने ही आरोपी गाली-गलौज करते हुए अपनी कार लेकर वहां से फरार हो गया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस ने कहा – जांच के बाद होगी कार्रवाई

इस मामले में सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि अज़ीन कुरैशी की ओर से शिकायत मिली है कि एक कार चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी दुकान में टक्कर मार दी और उनके साथ मारपीट की। आवेदन में जिस गाड़ी का जिक्र है उस पर “विधायक रामपुर” लिखा हुआ बताया गया है।

सीएसपी के मुताबिक वाहन और चालक की पहचान की जा रही है और मामले की जांच के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *