कोरबा जिले के लेमरू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अरसेना से एक बालिग युवती के अपने घर से जाने और परिजनों से लगातार संपर्क न होने का मामला सामने आया है।
इस घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है और उन्होंने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
पत्र में उल्लेख अनुसार, ग्राम कुटरूंवा निवासी सुनील कुजुर की पुत्री संध्या कुजूर 4 अप्रैल 2026 की शाम से घर से गई हुई है। परिजनों का कहना है कि युवती गांव के ही एक युवक के साथ गई है, किंतु अब तक उससे किसी प्रकार का संपर्क स्थापित नहीं हो पाया है।
परिवार के अनुसार,युवती से संपर्क न होने के कारण उसकी सुरक्षा को लेकर आशंका बनी हुई है।
हालांकि युवती के बालिग होने के चलते यह मामला उसकी स्वेच्छा से जाने का भी हो सकता है, लेकिन लगातार संपर्क न होना परिजनों की चिंता को बढ़ा रहा है।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि उन्होंने इस संबंध में लेमरू थाना में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। साथ ही, थाना में उनके साथ दुर्व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
थाना स्तर पर सुनवाई नहीं होने के बाद परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और लिखित आवेदन सौंपकर युवती का पता लगाने तथा मामले की जांच कराने की मांग की है।
परिजनों ने यह भी मांग की है कि लेमरू थाना में हुई कथित लापरवाही और दुर्व्यवहार की जांच कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
फिलहाल, इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन इस पर कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है।
