कोरबा। जिले के वनांचल क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बना हुआ है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत हरदेवा एवं आश्रित ग्राम बर्रा के ग्रामीणों ने जंगली हाथियों द्वारा किए गए नुकसान की क्षतिपूर्ति राशि दिलाने की मांग को लेकर कलेक्टर को आवेदन सौंपा है।
ग्रामीणों ने बताया कि उनका क्षेत्र वन परिक्षेत्र पसान और वनमंडल कटघोरा के अंतर्गत आता है, जो जंगली हाथियों से प्रभावित क्षेत्र माना जाता है। आए दिन हाथियों के झुंड गांव में घुसकर किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं और कई बार मकानों को भी क्षति पहुंचाते हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं ग्रामीणों के बीच हमेशा भय का माहौल बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों से हुए नुकसान की भरपाई के लिए उन्होंने नियमानुसार संबंधित विभाग में क्षतिपूर्ति राशि के लिए आवेदन भी किया है, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद अब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिला है। इससे प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसी समस्या को लेकर ग्राम पंचायत हरदेवा और आश्रित ग्राम बर्रा के ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत किया और शीघ्र क्षतिपूर्ति राशि दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपेक्षा जताई है कि जल्द से जल्द मामले में संज्ञान लेकर संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि प्रभावित किसानों को राहत मिल सके।
