कोरबा। अंतरराष्ट्रीय मातृ दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला कोरबा द्वारा जिला अस्पताल में फल वितरण एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित कर मरीजों और उनके परिजनों के बीच सेवा भाव का संदेश दिया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के मार्गदर्शन एवं महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए और उनके स्वास्थ्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों ने मातृ शक्ति के सम्मान, सेवा और संस्कारों को भारतीय संस्कृति की पहचान बताया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हालचाल जाना और सेवा कार्य को समाज के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक बताया।
लेकिन इस आयोजन के बीच जिला अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। आम लोगों का कहना है कि मातृ दिवस पर सेवा और संवेदना की बातें करने वाली सरकार और जनप्रतिनिधियों को अस्पतालों की वास्तविक स्थिति पर भी ध्यान देना चाहिए।
बीते दिनों जिला अस्पताल में कई गंभीर मामले सामने आए, जिनमें एक नव प्रसूता की मौत को लेकर नर्स एवं मितानिन की लापरवाही के आरोप लगे। वहीं स्टाफ की कमी के कारण एक युवक अपने घायल दोस्त की ड्रेसिंग करते नजर आया था, जिसका वीडियो भी चर्चा में रहा। इसके अलावा पिछले कई महीनों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, कर्मचारियों की अनुपस्थिति और अव्यवस्था से जुड़े कई मामले सामने आते रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्य कर्मियों की व्यवस्था किए बिना केवल प्रतीकात्मक कार्यक्रम आयोजित करने से आम जनता की समस्याएं दूर नहीं होंगी। मातृ दिवस पर मां और मातृत्व सम्मान की बात करने के साथ-साथ माताओं और नव प्रसूताओं की सुरक्षा एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही जरूरी है।
हालांकि भाजपा महिला मोर्चा ने सेवा कार्यक्रम को समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बताया है, लेकिन जनता अब अस्पताल व्यवस्था में वास्तविक सुधार और जवाबदेही की मांग कर रही है
