0 1 min 4 weeks

छत्तीसगढ़ के औद्योगिक शहर कोरबा में इस वर्ष गर्मी ने समय से पहले ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। अप्रैल के मध्य में ही तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

पिछले एक सप्ताह में तापमान में लगभग 4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके साथ ही रात का तापमान भी 23 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे देर रात तक उमस बनी रहती है।

तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक शहर की सड़कों और बाजारों में सन्नाटा छा जाता है। लोगों की आवाजाही में भारी कमी देखी जा रही है।गर्मी के बढ़ते असर के साथ ही बाजार में ठंडे पेय पदार्थो में अचानक उछाल आया है। वहीं एसी और कूलर के बढ़ते उपयोग के चलते बिजली की खपत में भी करीब 20 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, साफ आसमान और उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं के प्रभाव से तापमान में तेजी आई है। साथ ही औद्योगिक गतिविधियों और कोल माइंस के कारण हीट आइलैंड प्रभाव भी गर्मी को और बढ़ा रहा है।

आगामी 2 से 3 दिनों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है, जिससे लू जैसे हालात बन सकते हैं।

इधर, स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *