कोरबा। जिले के भैसमा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत चचिया में वन विभाग की भूमि से बड़े पैमाने पर अवैध मिट्टी उत्खनन का मामला सामने आया है। आरोप है कि भारतमाला परियोजना में कार्यरत डीबीएल कंपनी द्वारा बिना वैधानिक अनुमति के वन भूमि से मिट्टी की खुदाई कर उसे निर्माण कार्य में उपयोग किया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार वन क्षेत्र की जमीन को लगभग 8 से 10 फीट तक गहराई में खोद दिया गया है, जिससे क्षेत्र की प्राकृतिक संरचना को नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि निकाली गई मिट्टी को भारतमाला परियोजना के कार्य में लगाया गया।
इस मामले को लेकर 9 फरवरी को एक आवेदक द्वारा जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत भी की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कंपनी द्वारा वन विभाग की शासकीय भूमि से बिना अनुमति मिट्टी निकालकर नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है, जिससे वन क्षेत्र और पर्यावरण को गंभीर क्षति होगी।
शिकायत पत्र में कलेक्टर ने मामले को संज्ञान में लेते हुए खनिज विभाग के अधिकारियों को जांच के लिए मार्क किया था, लेकिन एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अब तक किसी प्रकार की जांच या कार्रवाई सामने नहीं आई है।अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में जल्द कार्रवाई करता है या फिर यह मामला फाइलों में ही दबकर रह जाएगा।
